
रायपुर। गणेश विसर्जन और ईद-ए-मिलाद पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए प्रशासन ने सख्त तैयारी की है। दोनों पर्वों पर डीजे और पटाखों के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सोमवार को कलेक्टोरेट स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में एडीएम उमाशंकर बंदे, एएसपी लखन पटले, एएसपी ट्रैफिक डॉ. प्रशांत शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और समाज प्रमुख मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार मनाने की पूरी छूट है, लेकिन शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी होगी। पुलिस प्रशासन ने भी साफ कर दिया है कि हुड़दंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
त्योहारों के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही जुलूस निकालते समय यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।
एएसपी लखन पटले ने कहा कि डीजे और पटाखों पर पूरी तरह बैन रहेगा। पुलिस की नजर लगातार बनी रहेगी और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




