
रायपुर, आनन्द नवीन राणा। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़ी दो महिलाओं को 10 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट और थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल की मॉनिटरिंग में अंजाम दी गई।
*रावणभाठा मैदान के पास घेराबंदी*
17 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि भाठागांव स्थित रावणभाठा मैदान के पास दो महिलाएं गांजा बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों महिलाओं को घेराबंदी कर पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम खिलेश्वरी वर्मा (18 वर्ष) निवासी भनपुरी, रायपुर और इसरत बानो (21 वर्ष) निवासी शहडोल, मध्यप्रदेश बताया। तलाशी में उनके बैग से कुल 10 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
दोनों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 137/26 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
*अन्य आरोपियों की तलाश जारी*
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ कर रही है। पूरे नेटवर्क पर End-to-End कार्रवाई की तैयारी है।
*2026 में अब तक बड़ी कार्रवाई*
एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट ने वर्ष 2026 में अब तक 14 प्रकरणों में 30 आरोपियों को गिरफ्तार कर 141.768 किलोग्राम गांजा, 2.04 लाख रुपये नगद, 2 चारपहिया वाहन और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्ती की कीमत लगभग 83.25 लाख रुपये बताई गई है।
रायपुर पुलिस का कहना है कि शहर में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।




