
महासमुंद, छत्तीसगढ़। जिले के पिथौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मुढ़ीपार में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में आकाशीय बिजली गिरने से एक दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक राधेश्याम दीवान (38 वर्ष) और उनकी पत्नी रत्ना बाई दीवान (36 वर्ष) खेत में निंदाई का कार्य कर रहे थे, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। साथ ही, वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति भी इसकी चपेट में आकर झुलस गया, जिसे गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों पति-पत्नी मेहनतकश किसान थे और खेती-किसानी से ही जीवनयापन करते थे।
प्रशासन द्वारा पंचनामा कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और राजस्व विभाग की टीम मुआवजे की प्रक्रिया में जुट गई है।
*सावधानी जरूरी*
मानसून के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं आम हो जाती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि खुले खेतों या ऊँचे स्थानों पर बिजली गिरने का खतरा अधिक होता है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए और मौसम खराब होते ही सुरक्षित स्थान पर चले जाना चाहिए।




