
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार और ड्रग्स तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। इसके तहत प्रदेश के 10 जिलों में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का गठन किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने 100 नए पदों को मंजूरी दी है।
यह अहम फैसला मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। जिन जिलों में टास्क फोर्स का गठन होगा, उनमें रायपुर, महासमुंद, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर, सरगुजा, कबीरधाम, जशपुर, राजनांदगांव और कोरबा शामिल हैं।
सरकार का मानना है कि इस निर्णय से नशे के कारोबार पर कड़ी निगरानी रखी जा सकेगी और ड्रग्स तस्करी के खिलाफ कार्रवाई और अधिक तेज होगी।
मंत्रिमंडल बैठक में लिए गए अन्य अहम फैसले
बैठक में युवाओं में नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नई स्टार्टअप नीति को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा हाउसिंग बोर्ड की 35 कॉलोनियों को संबंधित नगर निगमों और नगर पालिकाओं को हस्तांतरित करने का फैसला लिया गया।
राज्य मंत्रिमंडल की इस बैठक में कुल नौ महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिन्हें प्रदेश के विकास और सुशासन की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।




