
अमलेश्वर। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर क्षेत्र अंतर्गत पिछले तीन महीनों से लगातार बिना पूर्व सूचना के हो रही विद्युत कटौती से आमजन परेशान हैं। खुड़मुड़ा, अमलेश्वर, भोथली और मगरघटा में घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि मानसून के मौसम में अंधेरा होने पर जहरीले जीव-जंतु घरों में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे सर्पदंश जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वहीं, उमस भरे मौसम में बिजली न रहने से लोग परेशान हो रहे हैं और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।नेता प्रतिपक्ष दीपक घिडोड़े, पार्षद भेजलाल सोनकर (वार्ड क्रमांक-04) एवं खिलेश साहू (मी. चन्तेश्वरी वार्ड क्रमांक-04, खुड़मुड़ा) ने इस समस्या को लेकर आपत्ति दर्ज कराई है। उनका कहना है कि पूर्व में भी अधिकारियों को अवगत कराया गया था और आश्वासन मिलने के बावजूद विद्युत कटौती पर रोक नहीं लग पाई है।
जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि नगर पालिका क्षेत्र में सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।




