WARXछत्तीसगढ़

वीडियो जर्नलिस्ट का तूफान, दैनिक भास्कर की टीम को 7 विकेट से रौंदा

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई के तहत आयोजित स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में रोमांच अपने चरम पर है। सुभाष स्टेडियम में शनिवार को खेले गए मुकाबले में वीडियो जर्नलिस्ट की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दैनिक भास्कर को 7 विकेट से शिकस्त देकर अगले दौर में दमदार एंट्री मारी।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी दैनिक भास्कर की टीम 10 ओवर में 7 विकेट खोकर सिर्फ 98 रन ही बना सकी। शुरुआत बेहद खराब रही—सलामी बल्लेबाज विनोद कुमार खाता खोले बिना ही इकराम कुरैशी की गेंद पर कैच आउट हो गए। इसके बाद राकेश पांडेय (6 रन) और प्रशांत गुप्ता (9 रन) भी जल्दी पवेलियन लौट गए।

मध्यक्रम में जैनी राम ने मोर्चा संभालते हुए 12 गेंदों में 18 रन की तेज पारी खेली, लेकिन बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में सुनील की गेंद पर कैच थमा बैठे। होमेन्द्र साहू ने 19 रन बनाए, जबकि अमिताभ दुबे रनआउट होकर 8 रन पर आउट हो गए। कप्तान कौशल स्वर्णबेर ने अंत में एक चौका और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 13 रन बनाए।

वीडियो जर्नलिस्ट की ओर से इकराम कुरैशी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट झटके, जबकि सुनील, टाकेश्वर और होरी साहू को 1-1 विकेट मिला।

102 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वीडियो जर्नलिस्ट की टीम ने मैदान पर तूफान ला दिया। टीम ने मात्र 8.4 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। हर्ष होरी साहू ने दर्शकों का दिल जीतते हुए 28 गेंदों में 58 रन की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। मनीष हरपाल ने भी 15 गेंदों में 24 रन ठोककर जीत आसान कर दी।

दैनिक भास्कर की ओर से प्रशांत गुप्ता, राकेश पांडेय और शिवम को 1-1 विकेट मिला, लेकिन वे जीत से टीम को नहीं रोक सके।
मैच के बाद कार्यक्रम के अतिथि विधायक संदीप साहू और छत्तीसगढ़ वॉच के संपादक रामावतार तिवारी ने शानदार प्रदर्शन के लिए होरी साहू को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया।

इस दौरान रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव भूपेश जांगड़े, खेल मड़ई संयोजक विजय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और खेलप्रेमी मौजूद रहे।
अंपायरिंग की जिम्मेदारी वैदुर्य निगम और अनुराग ने निभाई, जबकि स्कोरर की भूमिका पी. रामाराव नायडू ने संभाली।

खास बात यह रही कि विजय मिश्रा की छत्तीसगढ़ी में की गई आंखों-देखी कमेंट्री ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। दर्शकों का कहना था—
“मैच से ज्यादा मजा तो कमेंट्री में आया।”

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!