
पाटन तहसील के अंतर्गत आने वाले बोरवाये गांव में अवैध शराब बिक्री को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। गांव के सैकड़ों लोग एकजुट होकर जामगांव-आर थाना पहुंच गए और थाने का घेराव किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों द्वारा लंबे समय से अवैध रूप से शराब बेची जा रही है, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है और युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। इसको लेकर पूर्व में भी ग्रामीणों ने लिखित आवेदन देकर कार्यवाही की मांग की थी, लेकिन पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
कार्रवाई नहीं होने से नाराज़ ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर जमकर नाराज़गी जाहिर की और अधिकारियों से तत्काल सख्त कदम उठाने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं की गई, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।




