
रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत सड्डू स्थित बैरागी डेरा में गुरुवार रात एक युवक की हत्या कर दी गई। हत्या का कारण ताश पत्ती खेलने के दौरान हुआ आपसी विवाद बताया गया है। मृतक की पहचान देवेन्द्र कुमार चंदवानी उर्फ राजा (निवासी कटोरा तालाब) के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी अर्जुन बैरागी (24 वर्ष) को पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपी डाडो और साहिल बैरागी फरार हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक देवेन्द्र विगत एक साल से बैरागी डेरा सड्डू में अपनी मुंहबोली बहन के घर रह रहा था और फैंसी खिलौनों की बिक्री करता था। 24 जुलाई की रात लगभग 11 बजे गौरा चौरा इलाके में शराब के नशे में खड़े देवेन्द्र और अर्जुन बैरागी के बीच पुराना विवाद फिर से उभर आया। अर्जुन ने पहले चाकू से हमला किया, फिर बाद में जब देवेन्द्र ने हॉकी स्टिक लेकर अर्जुन के घर का रुख किया, तो अर्जुन ने पहली मंज़िल से एक भारी सीमेंट पोल उसके सिर पर फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई जिसमें एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट, थाना विधानसभा के पुलिसकर्मी और अफसर शामिल थे। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अर्जुन बैरागी को पकड़ लिया। घटना में संलिप्त दो अन्य भाई अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
निरीक्षक शिवेन्द्र सिंह राजपूत (थाना प्रभारी), सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
रायपुर शहर में बीते कुछ महीनों में आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जून 2025 तक शहर में कुल 142 हत्याएं और 370 से अधिक गंभीर मारपीट के मामले दर्ज हुए हैं।
विधानसभा थाना क्षेत्र अपराध के लिहाज़ से टॉप 5 में आता है।विशेषज्ञों का मानना है कि नशाखोरी, बेरोजगारी और गुटबाजी अपराध बढ़ने के प्रमुख कारण हैं।
पुलिस अधिकारियों ने इस घटना को गंभीर मानते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में विशेष निगरानी और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी देने के लिए आम नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है।